जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे लोको कॉलोनी में लोको रिक्रिएशन क्लब के तत्वावधान में सात दिवसीय पहाड़ी पूजा का भव्य शुभारंभ बुधवार को हुआ. इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में गोल पहाड़ी मंदिर से मां पहाड़ी को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद लोको कॉलोनी स्थित पूजा मंडप में विराजमान कराया गया. कार्यक्रम की शुरुआत शाम करीब 7 बजे हुई, जब जुगसलाई विधायक ने पूजा का उद्घाटन किया. इस दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष विशिष्ट अतिथि तथा एक समाजसेवी सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने पूजा मंडप में स्थापित प्रतिमा के समक्ष नारियल फोड़कर मत्था टेका और आरती कर माता का आशीर्वाद लिया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद गाजे-बाजे और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं की टोली मां पहाड़ी को लाने के लिए लोको कॉलोनी से गोल पहाड़ी के लिए रवाना हुई. भक्तों का जत्था रात करीब 8:30 बजे गोल पहाड़ी पहुंचा, जहां मां को मनाने के लिए विशेष आराधना की गई. रात 9:15 बजे मां के प्रतीक डलिया में फूल गिरने के बाद उसे हल्दी लेप से मां का स्वरूप दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके उपरांत श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए मां पहाड़ी को लेकर लोको कॉलोनी के लिए रवाना हुए और रात 10:30 बजे माता का आगमन हुआ. यहां श्रद्धालुओं ने माता के चरण पखार कर आशीर्वाद लिया. देर रात विशेष पूजा के बाद मां को पूजा मंडप में स्थापित किया गया. गुरुवार से मां पहाड़ी नगर भ्रमण पर निकलेंगी, जिसमें कलश लेकर महिलाएं और युवतियां शामिल होंगी.




