जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर खरीद-बिक्री मामले में पिछले 13 महीनों से फरार चल रहे आरोपी मो. इमरान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे जुगसलाई फाटक के पास से दबोचा. मो. इमरान के खिलाफ 27 फरवरी 2025 को जुगसलाई थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. इस कांड में पहले ही पुलिस ने 143 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ मुख्य आरोपी अब्दुल हामिद समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब मो. इमरान की गिरफ्तारी के बाद जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा, दो अन्य आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किए जाने के बाद इस केस में रिमांड पर लिया गया था. इस तरह अब तक कुल 17 आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है. पुलिस के अनुसार मो. इमरान ही इस मामले का एकमात्र फरार आरोपी बचा था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम सफलता माना जा रहा है.





