जमशेदपुर : जमशेदपुर में साइबर अपराधियों की संवेदनहीनता का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है. ठगों ने न केवल एक परिवार की गाढ़ी कमाई लूटी, बल्कि उनकी मदद की उम्मीद तोड़कर एक मरीज की जान भी जोखिम में डाल दी. मानगो निवासी आरएन चौहान से ठगों ने एयर एंबुलेंस उपलब्ध कराने के नाम पर 8 लाख रुपये की ठगी कर ली. समय पर एंबुलेंस न मिलने के कारण मरीज को हैदराबाद नहीं ले जाया जा सका, जिससे उनकी मृत्यु हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायतकर्ता आरएन चौहान के अनुसार, उनके रिश्तेदार मोहन सिंह की स्थिति गंभीर थी और वे जमशेदपुर के टीएमएच के सीसीयू में भर्ती थे. चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद रेफर करने की सलाह दी थी. परिजनों ने आनन-फानन में इंटरनेट पर एयर एंबुलेंस सेवा की तलाश शुरू की. सर्च इंजन (गूगल) पर मिले एक नंबर पर संपर्क करने पर अपराधियों ने खुद को एक प्रतिष्ठित एयर एंबुलेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताया. सौदा 8 लाख रुपये में तय हुआ, जिसे परिजनों ने तुरत ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया.



