जमशेदपुर : उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को जमशेदपुर सदर प्रखंड के कीताडीह स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी मानक प्रक्रियाओं का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि वेयर हाउस की सुरक्षा में कोई शिथिलता व असावधानी न बरती जाय, सीसीटीवी कैमरों की लगातार कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग का समयबद्ध बैकअप संधारण तथा उसकी नियमित जांच के भी निर्देश दिये. (नीचे भी पढ़ें)

वेयर हाउस में दैनिक निरीक्षण रजिस्टर एवं लॉग बुक संधारण की प्रक्रिया पारदर्शी और अद्यतन रूप में हो. किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा. उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था की नियमित ऑडिट, रिपोर्टिंग प्रक्रिया की समयबद्ध समीक्षा तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तरीय निगरानी तंत्र को सुदृढ़ करने पर बल दिया. इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव के विषय पर चर्चा की गई. मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के अलावा उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित थे.



