जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत कीताडीह ग्वाला पट्टी निवासी अजय दुबे (41) की सोमवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. घटना बर्मामाइंस स्थित लाल बाबा फाउंड्री के पास उस समय घटी, जब वे गोलमुरी बाइक से घर लौट रहे थे.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय दुबे सड़क पर अचानक आए एक कुत्ते को बचाने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क किनारे खड़े एक टेलर (ट्रेलर वाहन) से जा टकराए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.(नीचे भी पढ़े)

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजय को तत्काल इलाज के लिए (टीएमएच) पहुंचाया गया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है.बताया जाता है कि अजय दुबे पेशे से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हुए थे. सोमवार को वे चाकुलिया से ट्रेन से जमशेदपुर लौटे थे. घर आने के बाद वे अपनी बाइक से गोलमुरी स्थित दोस्तों से मिलने गए थे. देर रात घर वापस लौटने के दौरान ही यह हादसा हुआ.मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जता रहे हैं.







