जमशेदपुर: जादूगोड़ा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी और साइबर ठगी की घटनाओं ने आम लोगों और दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मुख्य सड़क स्थित दुकानदार सोमेन पूराकाइत की दुकान में एक युवक सामान खरीदने के बहाने आया और मौका पाकर मोबाइल चोरी कर फरार हो गया. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के तुरंत बाद दुकानदार ने सतर्कता दिखाते हुए जादूगोड़ा थाना और बैंक को सूचना देकर अपना खाता लॉक करवा दिया, जिससे करीब 48 हजार रुपये सुरक्षित बच गए. बताया जा रहा है कि मोबाइल चोरी के बाद साइबर अपराधी खातों से पैसे उड़ाने की कोशिश करते हैं. (नीचे भी पढ़े)
19 अप्रैल को यूसिल के पूर्व कर्मी गुरदीप सिंह का मोबाइल चोरी कर उनके खाते से करीब 1.20 लाख रुपये निकाल लिए गए थे. वहीं हाल ही में एक व्यवसायी के बेटे का मोबाइल जिम से चोरी हुआ, लेकिन समय रहते सिम लॉक होने से पैसे बच गए. बाद में भुरकाडीह गांव से मोबाइल बरामद भी कर लिया गया.क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि कुछ युवक अचानक काफी संपन्न हो गए हैं और महंगी गाड़ियों व मोबाइल के साथ नजर आ रहे हैं. पुलिस की नजर ऐसे संदिग्ध लोगों पर बनी हुई है. हाल ही में कई साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी भी हुई है, फिर भी घटनाओं में कमी नहीं आ रही है.लगातार हो रही इन वारदातों से जादूगोड़ा में डर और आक्रोश का माहौल है, और लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.







