जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची में बसंत टॉकीज के पास ठगी की एक बड़ी घटना हुई है. साधु के वेश में आए दो ठगों ने गोलमुरी के केबल टाउन की रहने वाली महिला मंजू देवी पर विश्वास जमाया. फिर उसे बताया कि उसके बेटे पर खतरा मंडरा रहा है. पूजा पाठ के नाम पर महिला के गहने उतरवा लिए और फिर रफूचक्कर हो गए. जब युवक गहने लेकर फरार हो गया. तब महिला को ठगी का एहसास हुआ. महिला ने साकची थाने में शिकायत दर्ज कराई है. (नीचे देखे पूरी खबर)
शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस बसंत टॉकीज के पास पहुंची. घटनास्थल का जायजा लिया. आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ठगों का पता लगाया जा सके. साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया की ठगों ने अंधविश्वास का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया है. उनका पता लगाया जा रहा है. आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. गौरतलब है कि कुछ महीने पहले उलीडीह में साधु के वेश में आए दो बदमाशों ने एक महिला को झांसे में लेकर उसके घर में रखे गहने उड़ा लिए थे. लेकिन कुछ दिन बाद वही साधु फिर उसी इलाके में पहुंचे थे. जहां लोगों ने उन्हें पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था.







