जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित मकदमपुर में देर रात दो पक्षों में हिंसक झड़प का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है. जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश के कारण हुई इस झड़प को लेकर पीड़िता नरगिस परवीन ने आरोप लगाया है कि कुछ युवक देर रात उनके घर में घुस आए और जमकर तोड़फोड़ के साथ परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की. इस दौरान घर में पथराव भी किया गया, जिससे छप्पर टूट गया और घरेलू सामान बिखर गया. घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं. (नीचे भी पढ़ें)

नरगिस परवीन के अनुसार, कुछ दिन पहले उन्होंने बकरी चोरी के मामले में विरोध जताया था, जिसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई गई थी. उसी रंजिश में समीर और उसके साथियों ने उसके घर पर हमला किया है. वहीं, दूसरे पक्ष ने भी नरगिस और उनके परिवार पर मारपीट के आरोप लगाए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों पक्षों की ओर से परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि यह पुरानी रंजिश का मामला है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.







