रांची: राष्ट्रीय खान मजदूर फेडरेशन( इंटक) की कार्यकारिणी समिति की एक बैठक रांची स्थित सीएमपीडीआईएल हॉल में हुई. इस बैठक की अध्यक्षता विधायक अनुप सिंह उर्फ जय मंगल सिंह ने की. फेडरेशन की सीनियर प्रेसिडेंट एके झा ने कोल इंडिया लिमिटेड में एमडीओ नीति के तहत कोयला खानों को पूजीपतियों को सौंपने और बीसीसीएल सहित अन्य कंपनियों की संपत्तियों को कारपोरेट को देने की सरकार की नीति पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान उन्होंने ठेकेदारी श्रमिकों की आर्थिक बदहाली ,स्थायी श्रमिकों की सुविधाओं से वंचित रखने और 44 श्रमिक कानूनों को चार लेबर कोड में बदलने की मजदूर विरोधी नीति की कड़ी निंदा की. इस दौरान और भी कई प्रस्ताव पारित किए गए.(नीचे भी पढ़े)
फेडरेशन प्रत्येक कंपनी स्तर पर अपना प्रभारी मनोनीत करेगी, फेडरेशन की अगली कार्यकारिणी की बैठक एससीसीएल बिलासपुर में होगी. इंटक सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों का संयुक्त मोर्चा 5 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम जिला स्तर पर शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाएंगे. ठेकेदारी श्रमिक संगठनों के विभागीयकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, चार लेबर कोड और सप्ताह में 90 घंटे कार्य लेने की नीति के विरोध में जन जागरण अभियान, पदयात्रा, संगोष्ठी, धरना प्रदर्शन आदि कार्यक्रम हर कंपनी और एरिया स्तर पर आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा मेडिकली अनफिट कामगारों के बच्चों की नौकरी और महिला वीआरएस के तहत नौकरी से वंचिक युवाओं के लिए हर कंपनी स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा.



