जमशेदपुर: श्री श्री साकची शिव मंदिर एवं श्री श्याम परिवार का 36वां श्री श्री श्याम महोत्सव शनिवार 08 फरवरी को धूमधाम से मनाया जायेगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. शनिवार को दोपहर 2 बजे साकची शिव मंदिर से श्याम नाम की ध्वजा लिए निशान (शोभा) यात्रा निकाली जायेगी, जो विभिन्न मार्गो से होते हुए वापस मंदिर आकर संपन्न होगी. जिसमें 1100 से अधिक भक्त निशान के साथ शामिल रहेंगें. बाबा श्याम की ज्योत प्रज्जवलित रात 08.30 मुख्य यजमान रामकृष्ण चौधरी (बीजू बाबू) सपरिवार द्धारा किया जायेगा. (नीचे भी पढ़े)

रात 9 बजे से देर रात प्रभु इच्छा तक भजनों की अमृत वर्षा होगी. महोत्सव का मुख्य आकर्षण क्रमशः, भव्य दरबार, आलौकिक श्रृंगार, इत्र वर्षा, छप्पन भोग, अखण्ड ज्योत, विशाल संकीर्तन होगा. शनिवार 08 फरवरी को बाबा के दरबार में भजनों की अमृत वर्षा करने के लिए प्रसिद्ध भजन गायक समस्तीपुर से रेशमी शर्मा, कोलकाता से विवेक शर्मा शहर आ रहे हैं. साथ ही स्थानीय भजन गायक महावीर अग्रवाल भी बाबा के दरबार में हाजरी लगायेंगे. इसे सफल बनाने में संस्था के सभी श्याम प्रेमी लगे हुए हैं. यह जानकारी श्याम परिवार के संरक्षक उमेश शाह और अध्यक्ष गिरधारी लाल खेमका ने संयुक्त रूप से दी.



