जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के गृह विज्ञान एवं क्लीनिकल न्यूट्रीशन के साथ एमओयू (समझौता) करने के लिए मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ जी प्रदीप कुमार एवं उनकी टीम ने विभाग का पूर्वावलोकन किया. इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने पूर्वावलोकन कार्यक्रम को अत्यंत सराहनीय बताते हुए दोनों संस्थाओं के बीच भविष्य में होनेवाले एमओयू के लिए शुभकामनाएं दी. गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ रमा सुब्रमण्यम ने प्रारंभ में मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ जी प्रदीप कुमार एवं उनकी टीम का स्वागत करते हुए उन्हें विभाग की उपलब्धियों से अवगत कराया. गृह विज्ञान विभाग एवं सीएनडी की शिक्षिकाओं डॉ डी पुष्पलता एवं संचिता गुहा ने संयुक्त रूप से पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन द्वारा विभाग के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज की टीम के अन्य सदस्यों ने विभाग में उपलब्ध संसाधनों एवं लैब सुविधाओं का जायजा लिया. गृह विज्ञान एवं सीएनडी के संसाधनों से संतुष्ट होते हुए उन्होंने बहुत जल्द दोनों संस्थानों के बीच एमओयू होने की संभावना जताई एवं कहा कि इस समझौते से दोनों ही संस्थानों के विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी शोध में सहायता मिलेगी. इस अवसर पर गृह विज्ञान विभाग की शिक्षिकाएं डॉ सुनीता एवं सुनीता मुंडरी, शोध छात्रा अनु सिन्हा एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं.



