जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग के पदाधिकारियों ने आसन्न होली के मद्देनजर बरसोल थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर छापामारी कर करीब 3200 किलो अवैध जावा महुआ एवं करीब डेढ़ सौ लीटर अवैध चुलाई महुआ शराब जब्त किया है. हालांकि इस अभियान में शामिल अधिकारियों के पहुंचने की भनक पाकर अवैध शराब की चुलाई में संलग्न लोग वहां से फरार होने में कामयाब हो गये. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि आगामी होली को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के सहायक उत्पाद आयुक्त एवं घाटशिला अनुमंडलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने सोमवार को घाटशिला अनुमंडल के बरसोल थानांतर्गत लुगहरा एवं लोधनबनी क्षेत्रों में छापामारी की. छापामारी के क्रम में चुलाई के लिए तैयार करीब 3200 किलो अवैध जावा महुआ एवं लगभग डेढ़ सौ लीटर तैयार महुआ शराब बरामद किया. अधिकारियों ने जावा महुआ को वहीं नष्ट करा दिया. (नीचे भी पढ़ें)
छापामारी के लिए गये दल में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुप्रभात दत्ता, मो गुफरान, पुलिस अवर निरीक्षक सिकंदर यादव के अलावा अन्य विभागीय कर्मी शामिल रहे. विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विभाग की ओर से अभी सघन छापामारी अभियान लगातार जारी रहेगा.



