जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा अधिग्रहित नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआइएनएल) में जूनियर इंजीनियर ट्रेनी (जेट) की बहाली का जो नोटिस निकला था, वह नोटिस ही फर्जी निकला है. उक्त नोटिस में जो लिंक दिया गया है वह गलत है और जो स्कैनर दिया गया है, उसमें किसी तरह का कोई बहाली का आवेदन नहीं है. ऐसे में टाटा स्टील की ओर से एक प्रेस बयान जारी कर कहा गया है कि नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआइएनएल) के संज्ञान में आया है कि कंपनी में नियुक्ति अभियान से जुड़ी भ्रामक जानकारियां सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित हो रही हैं. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह खबरें पूरी तरह से झूठी और गुमराह करने वाली हैं. (नीचे भी पढ़ें)
एनआइएनएल ने न तो ऐसी किसी नियुक्ति प्रक्रिया को मंजूरी दी है और न ही किसी थर्ड पार्टी एजेंसी को इस कार्य के लिए अधिकृत किया है. कंपनी ने जनता से आग्रह किया है कि ऐसे झूठे दावों से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना का शिकार न बनें. आपको बता दें कि एक नोटिस टाटा स्टील के नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड का जारी किया गया, जिसमें सारी जानकारी मांगी गयी थी, लेकिन जब इसकी जांच कंपनी की ओर से करायी गयी तो यह फर्जी पाया गया क्योंकि कंपनी की ओर से कोई बहाली नहीं निकाली गयी है. यह बहाली 2024 में निकली थी, जिसका सिर्फ साल को बदल दिया गया और 2025 लिखकर हुबहु नोटिस निकाल दिया गया है. इसका उद्देश्य संभव है कि लोगों को ठगने के लिए किया गया हो. ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.



