जमशेदपुर: जमशेदपुर में महिला से दुष्कर्म मामले में भाजपा के पूर्व नेता जगजीत सिंह उर्फ सोनू को गोलमुरी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. एक साल पहले गोलमुरी थाना में एक महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था. शनिवार को गोलमुरी पुलिस और सीतारामडेरा पुलिस ने जगजीत के आवास पर छापा मारा था. महिला का आरोप था कि जगजीत सिंह सोनू ने उसकी अश्लील तस्वीरें भी वायरल कर दी थी नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाया और फिर दुष्कर्म किया. (नीचे भी पढ़ें)
जगजीत सिंह सोनू अक्सर उनके घर कपड़े सिलवाने आता था. एक दिन उसने पैसे की मांग की, जिसके बाद महिला ने उसे दो किस्तों में एक लाख रुपये दे दिए. बाद में जब महिला ने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे होटल बुलाया, जहां उसने तीन चेक दिए और नाश्ता एवं कोल्ड ड्रिंक पिलाया. महिला ने जब कोल्ड ड्रिंक पी, तो उसे नशा सा महसूस होने लगा और फिर आरोपी ने बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया. इधर पुलिस ने आरोपी को न्याय की हिरासत में जेल भेज दिया है.





