जमशेदपुर: जमशेदपुर के आकाश में गुरुवार एक अद्भुत प्राकृतिक दृश्य देखने को मिला. सूर्य के चारों ओर एक चमकदार ‘हॉलो रिंग’ दिखाई दी, जिसे देखकर लोग आश्चर्यचकित रह गए.
यह हॉलो रिंग दरअसल एक वायुमंडलीय घटना है, जो तब होती है जब सूर्य की किरणें ऊपरी वायुमंडल में मौजूद बर्फ के क्रिस्टलों से परावर्तित और अपवर्तित होती हैं. यह बर्फ के क्रिस्टल सामान्यतः सिरस या सिरोस्ट्रेटस बादलों में पाए जाते हैं, जो पृथ्वी की सतह से लगभग 5 से 10 किलोमीटर की ऊंचाई पर होते हैं. हॉलो रिंग आमतौर पर 22 डिग्री के कोण पर बनती है और इसका आकार पूर्ण वृत्त के रूप में होता है. यह दृश्य अक्सर मौसम परिवर्तन का संकेत भी माना जाता है. भले ही यह दृश्य दिखने में रहस्यमयी लगे, लेकिन यह पूरी तरह से वैज्ञानिक कारणों पर आधारित एक सुंदर प्राकृतिक घटना है. ऐसे नज़ारे विरले ही देखने को मिलते हैं. जमशेदपुर में यह दृश्य करीब 12 बजे से आसपास देखा गया है. यह लोगों के बीच कौतुहल का विषय बना है.



