रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने गुरुवार को डीडीसी संदीप कुमार मीणा के साथ जिले के सोनुआ प्रखंड क्षेत्र में चल रही योजनाओं का भौतिक निरीक्षण किया. इस क्रम में उपायुक्त ने सोनुआ प्रखंड परिसर स्थित सभागार में बीडीओ एवं 11 पंचायतों के कर्मचारियों के साथ मनरेगा एवं आवास योजनाओं के प्रगति प्रतिवेदन का बिंदुवार जायजा लिया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के तहत कूप निर्माण, प्रति ग्राम पांच योजनाओं के क्रियान्वयन आदि की स्थिति का पंचायतवार समीक्षा की साथ ही, आवास योजनाओं के अंतर्गत अबुआ आवास योजना 2023-24 एवं 2024-25 के अंतर्गत प्रथम एवं द्वितीय किस्त के भुगतान के उपरांत आवास निर्माण कार्यों की स्थिति एवं पूर्ण आवास की स्थिति व आवास जिओ टैगिंग से संबंधित प्रतिवेदन की भी क्रमवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. (नीचे भी पढ़ें)

प्रखंड परिसर में समीक्षा के बाद उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ प्रखंड की लोंजो पंचायत के निलाईगोट गांव में बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के तहत भादो माझी की जमीन पर संचालित कूप निर्माण, बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 2 एकड़ में संचालित आम बागवानी योजना, झोरना माझी व सरोज माझी की जमीन पर संचालित आम बागवानी के अलावा मेड़बंदी, ट्रेंच-सह-बण्ड योजना का स्थल निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित लाभुकों से योजना के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी, उद्देश्य तथा इसके फायदे आदि की जानकारी प्राप्त कर योजना को पूर्ण रूपेण क्रियान्वित कर इसका अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया गया.



