नयी दिल्ली : बुधवार की रात कल देर रात पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों से अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की. इन हमलों को एकीकृत काउंटर यूएएस ग्रिड और एयर डिफे़ंस सिस्टम द्वारा नाकाम कर दिया गया. इन हमलों के मलबे अब कई स्थानों से बरामद किए जा रहे हैं जो पाकिस्तानी हमलों की पुष्टि करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पाकिस्तान द्वारा इन ठिकानों को निशाना बनाने के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई स्थानों पर एयर डिफ़ेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया गया. नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान द्वारा मोर्टार और आर्टिलरी की गोलीबारी में तीन महिलाओं और पांच बच्चों समेत 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई, भारत को पाकिस्तान की ओर से दागे जा रहे मोर्टार और आर्टिलरी की गोलीबारी रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा. इसके बाद गुरुवार की सुबह सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया, भारत ने भी पाकिस्तान की ही तरह उसी तीव्रता से जवाब दिया. विश्वसनीय जानकारी के अनुसार लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया है. पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी तोपों का इस्तेमाल करते हुए नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के गोलीबारी की तीव्रता बढ़ा दी है. (नीचे भी पढ़ें)
आतंकियों पर भारत की मिसाइल स्ट्राइक से बौखलाया पाकिस्तान लगातार कोशिश में है कि भारत को कैसे नुकसान पहुंचाया जाए. अब पाकिस्तान ने चालाकी दिखाते हुए 7 और 8 मई की रात को उत्तर और पश्चिम भारत में अवंतीपोरा से लेकर भुज तक भारतीय सेना के सैन्य ठिकानों पर कई ड्रोन और मिसाइलें दागी थीं. हालांकि, भारतीय सशस्त्र बलों ने अपने एंटी-यूएवी (ड्रोन) सिस्टम की मदद से इन सभी पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया है. दूसरी ओर, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सर्वदलीय बैठक कर तमाम जानकारी ऑपरेशन सिंदूर को लेकर नेताओं को दी है. पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद सर्वदलीय बैठक चल रही है. (नीचे भी पढ़ें)
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में बैठक हो रही है. इस बैठक में सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को ऑपरेशन सिंदूर के संबंध में जानकारी दी जा रही है. सरकार की ओर से इस बैठक में अमित शाह और किरेन रिजीजू मौजूद हैं. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बैठक में है. विपक्ष की ओर से राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी बैठक में शामिल हैं. वहीं, अमेरिका ने अपने नागरिकों को कहा है कि वे लोग पाकिस्तान को छोड़ दें. लाहौर शहर को छोड़ने की हिदायत दी गयी है. इस बीच भारत सरकार ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर में 100 से ज़्यादा आतंकवादी मारे गए हैं और गिनती अभी भी जारी है. सरकार ने यह भी उल्लेखित किया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है, इसलिए सटीक संख्या बताना मुश्किल है. इसके अलावा, सरकार ने कहा कि भारत तब तक अपनी ओर से कोई कार्रवाई नहीं करेगा जब तक पाकिस्तान कोई उकसावे वाली कार्रवाई नहीं करता.



