वडोदरा: गुजरात के वडोदरा में महिसागर नदी पर बना ब्रिज बुधवार सुबह टूट गया. हादसे के समय ब्रिज से गाड़ियां गुजर रही थीं. पुल टूटने पर दो ट्रक, दो कार और एक रिक्शा कुल पांच गाड़ियां नदी में गिर गईं. एक टैंकर टूटे सिरे पर फंस गया. हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 को स्थानीय लोगों ने बचाया. फायर ब्रिगेड की तीन टीमें रेस्क्यू के लिए भेजी गई हैं. 45 साल पुराना यह ब्रिज मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ता था.पुल टूट जाने से भरूच, सूरत, नवसारी, तापी और वलसाड जैसे दक्षिण गुजरात के शहरों से सौराष्ट्र पहुंचने में ज्यादा समय लगेगा. अब इसके लिए अहमदाबाद होते हुए लंबा रास्ता लेना पड़ेगा. (नीचे भी पढे)
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है. हादसे के बाद तुरंत ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और लोगों को रेस्क्यू किया. एक युवक ने बताया, हम सुबह से ही बचाव अभियान चला रहे हैं. अब तक 9 शव बरामद हुए हैं, जिनमें से एक बच्चा है और एक बच्चा लापता है. इस दौरान हमें प्रशासन और अधिकारियों से कोई मदद नहीं मिली है.इनका कहना है कि 45 साल पुराने इस पुल की मरम्मत के लिए प्रशासन को कई बार सूचित किया जा चुका है. प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई न किए जाने के कारण आज यह हादसा हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस हादसे के लिए पूरी तरह से प्रशासन ही जिम्मेदार है.स्थानीय अतुल पढियार ने कहा कि हादसे की खबर मिलते ही मैं और मेरे एक साथी तुरंत रिक्शा लेकर वहां पहुंचे. हमने देखा कि लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे. एक महिला को डूबते देखा. हम फौरन नदी में पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला, उनकी जान बच गई है. अतुल ने बताया कि दो-तीन ड्राइवरों के हाथ-पैर में चोटें आईं. उन्हें अस्पताल भेज दिया गया है. हमने और आसपास के कुछ लोगों ने सात-आठ लोगों को नदी से बाहर निकाला.



