चाकुलिया: घाटशिला अनुमंडल में अग्निशमन सेवाओं की कमियों को दूर करने की मांग को लेकर सोमवार को पूर्व विधायक सह झामुमो के केन्द्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने होम गार्ड और अग्निशमन सेवाएं के महानिदेशक एमएस भाटिया से मुलाकात की. उन्होंने आग्रह किया कि घाटशिला स्थित अग्निशमन केंद्र का अपना कार्यालय भी नहीं है, जबकि पूरे अनुमंडल का यह सबसे मुख्य अग्निशमन केंद्र है. बीते कुछ सालों में घाटशिला क्षेत्र में काफी सारे फ्लैट बने हैं, जिनमें आग लगने की स्थिति में ऊपर पहुंचने के लिए सीढ़ी आवश्यक है जो वहां अग्निशमन केंद्र में उपलब्ध नहीं है. बहरागोडा अग्निशमन केंद्र का भवन पूरी तरह से जर्जर हो चुका है. कभी भी दुर्घटना हो सकती है.(नीचे भी पढ़े)
वहां गाड़िया तो नई हैं लेकिन उसमें पानी भरने के लिए बोरिंग की हालत ख़राब है तो बाहर से पानी भरवाना पड़ रहा है. चाकुलिया और बहरागोडा की दूरी के चलते चाकुलिया में कम से कम एक अग्निशमन वाहन को पदस्थापित करना ज़रूरी है ताकि रिस्पोंस टाइम को कम किया जा सके. घाटशिला अनुमंडल के सभी कॉलेजों और स्कूलों में अग्निशामक गैस का सिलिंडर व अन्य फायर एंड सेफ्टी के मापदंडों की ऑडिट लगातार करवाई जाए ताकि आग लगने पर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके. मौके पर एमएस भाटिया ने कहा कि जल्द ही इन समस्याओं को दूर कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि सभी प्रखंडों में अग्निशमन केद्र खोलने के प्रस्ताव विचाराधीन है और प्राथमिकता व बजट की उपलब्धता के आधार पर कार्यवाही की जा रही है.



