जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल की महिला एवं प्रसूति विभाग में बुधवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली. ओपीडी संख्या 202 में इलाज के लिए सुबह आठ बजे से ही महिलाओं की लंबी कतार लग चुकी थी. इनमें कई गर्भवती महिलाएं, अल्ट्रासाउंड के लिए आई मरीजें और गंभीर शारीरिक समस्याओं से पीड़ित महिलाएं शामिल थीं. लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी कोई चिकित्सक ओपीडी में नहीं पहुंचा. चिकित्सकों की अनुपस्थिति से नाराज होकर मरीजों ने हंगामा शुरू कर दिया. उनका कहना था कि वे सुबह से खाली पेट इलाज के इंतजार में बैठे हैं, लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही से उन्हें घंटों परेशान होना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
कुछ महिलाएं तो सुदूर ग्रामीण इलाकों से यहां पहुंची थीं. अस्पताल प्रबंधन की इस लापरवाही से क्षुब्ध होकर मरीजों ने समाजसेवी विमल बैठा को बुलाया. विमल बैठा मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी से शिकायत की. इसके बाद उपाधीक्षक ने संबंधित चिकित्सकों को निर्देश दिया कि बचे हुए सभी मरीजों को तत्काल देखा जाए. निर्देश मिलते ही डॉक्टर ओपीडी में पहुंचे और इलाज शुरू किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मरीजों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है, हर बार ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ता है. समाजसेवी विमल बैठा ने तीखा बयान देते हुए कहा कि एमजीएम में अव्यवस्था चरम पर है और आम लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त और ठोस कदम उठाए जाएं. अस्पताल प्रबंधन के ढुलमुल रवैये के कारण एक बार फिर मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ हुआ है. समय पर इलाज, डॉक्टरों की उपस्थिति और सुव्यवस्थित ओपीडी संचालन की दिशा में अब ठोस पहल की जरूरत है.












