जमशेदपुर : फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन (जनवितरण प्रणाली डीलर संघ) के पूर्वी सिंहभूम, प्रखंड डुमरिया इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार से भेंट कर आठ सूत्रीय मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा. इस दौरान संगठन ने एनएफएसए और जेएफएसए के तहत वितरण कार्य कर रहे डीलरों को समय पर कमीशन भुगतान, बीमा सुरक्षा, तकनीकी समस्याओं के समाधान और बेहतर प्रोत्साहन देने की मांग उठाई. ज्ञापन के अनुसार, जिले के सभी डीलरों को एनएफएसए योजना के तहत दिसंबर 2024 से अगस्त 2025 तक की लंबित कमीशन राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है. इसी प्रकार जेएफएसए योजना के अंतर्गत दिसंबर 2023 से जुलाई 2025 तक की भुगतान बकाया है. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही, चना वितरण से संबंधित कमीशन भी अप्रैल 2024 से लंबित है. प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सभी डीलरों और उनके परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा की सुविधा मिले और वितरण कार्य में प्रयोग की जा रही पुरानी एवं खराब मशीनों को बदलकर नई मशीनें उपलब्ध कराई जाएं. साथ ही डीलरों को दूसरे राज्यों की तर्ज पर मासिक मानदेय भी सुनिश्चित किया जाए. एक अन्य महत्वपूर्ण मांग में डीलरों के 150 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन को बढ़ाकर 300 रुपये करने की बात रखी गई है, ताकि राइजिंग कॉस्ट के बीच डीलरों की सेवा को स्थायित्व और सम्मान मिल सके. प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष कायरा तीयू, उपाध्यक्ष तरणी सेन साव, कोषाध्यक्ष सातरी टापे और जिला महासचिव राम चंद्र हांसदा उपस्थित थे. प्रतिनिधि मंडल ने विधायक संजीव सरदार से आग्रह किया कि वे इन मांगों को संबंधित विभागीय सचिव और विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाएं ताकि डीलरों को शीघ्र राहत मिल सके. विधायक संजीव सरदार ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि वे जनवितरण प्रणाली से जुड़े डीलरों की समस्याओं को गंभीरता से लेंगे और संबंधित विभागों से संपर्क कर समाधान का प्रयास करेंगे.



