जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य सोनू ठाकुर ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू से औपचारिक मुलाकात की. यह मुलाकात गोलमुरी अब्दुल बारी मेमोरियल कॉलेज (एबीएम कॉलेज) के विकास एवं उससे जुड़े प्रशासनिक अवरोधों पर केंद्रित रही. श्री ठाकुर ने विधायक को यह जानकारी दी कि 10 फरवरी 2023 को टाटा स्टील लिमिटेड और महाविद्यालय के मध्य एक महत्त्वपूर्ण सहमति ज्ञापन (एमओयू) संपन्न हुआ था. इस समझौते के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा सार्वजनिक हित में दी गई भूमि के बदले में टाटा स्टील द्वारा कॉलेज को पीछे की ओर स्थित 1.62 एकड़ भूमि प्रदान की जानी थी, जिस पर खेल मैदान, सामुदायिक गतिविधियां तथा छात्राओं हेतु अधोसंरचना के निर्माण का प्रस्ताव था. (नीचे भी पढ़े)

दुर्भाग्यवश, उक्त भूमि पर वर्तमान में अवैध रूप से कुछ रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी घुसपैठियों परिवारों (जो जांच का विषय है ) द्वारा कब्जा कर लिया गया है, जिसके कारण एमओयू का क्रियान्वयन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है. इस विषय को लेकर श्री ठाकुर ने कहा कि महाविद्यालय द्वारा पहले भी एक विस्तृत पत्र विधायक को प्रेषित किया था, जिसमें महाविद्यालय की स्थिति, छात्र संख्या (5000+), संसाधनों की कमी, और शिक्षा के क्षेत्र में इसके योगदान को उजागर किया गया था. बैठक में श्री ठाकुर ने उक्त पत्र का संदर्भ देते हुए पुनः आग्रह किया कि विधायक इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर इस अवैध कब्जे को शीघ्र हटवाने की दिशा में ठोस कदम उठवाएं, ताकि एमओयू का क्रियान्वयन संभव हो सके और महाविद्यालय को प्रस्तावित सुविधाएं प्राप्त हो सकें. (नीचे भी पढे)
इसके अतिरिक्त, श्री ठाकुर ने कोल्हान विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की बहाली की भी मांग उठाई और आग्रह किया कि इसे आगामी मानसून सत्र में विधानसभा के पटल पर रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार प्राप्त हो सकें. उल्लेखनीय है कि पूर्व में स्वीकृत योजना के अंतर्गत, महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन के निर्माण हेतु विधायक पूर्णिमा दास साहू द्वारा विधायक निधि से सहयोग देने की सहमति भी प्रदान की जा चुकी है. इस कार्य के शीघ्र प्रारंभ हेतु विधायक द्वारा पहल करते हुए निर्माण कार्य जल्द आरंभ कराने की बात कही गई है. इस शिष्टाचार भेंट में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सागर राय भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस मांग का समर्थन करते हुए विधायक से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की.



