रांची : देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जुलाई को रांची आ रही है. वे देवघर जायेगी, जहां से वे यहां लौटेगी. उनके आगमन कार्यक्रम से लेकर उनके प्रस्थान तक विधि-व्यवस्था संधारण हेतु विस्थापित भवन मैदान, धुर्वा में पुलिस आइजी मनोज कौशिक द्वारा उक्त ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया गया. डीआइजी सह रांची एसएसपी चंदन कुमार द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण के सभी बिंदुओं पर बारीकी एवं विस्तार पूर्वक सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को उनके कर्तव्य से अवगत कराया गया तथा ड्यूटी के दौरान क्या करना है और क्या नहीं करना है, एवं सभी संभावित मुद्दे एवं चुनौतियों के बारे में बताया गया तथा ड्यूटी के दौरान सभी प्रतिनियुक्ति स्थलों पर महतम सतर्कता के साथ निर्दिष्ट कार्य करने के आदेश दिए तथा रूट लाइन में पड़ने वाले सभी चौक-चौराहों, उप-मार्गों, डिवाइडर कट, ऊंचे इमारतों पर चौकन्ना रहकर अपना कर्तव्य निर्वहन करने का आदेश दिया गया ताकि राष्ट्रपति का गमनागमन सुचारू रूप से संपन्न हो सके. (नीचे भी पढे)

ब्रीफिंग के दौरान सभी पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारियों एवं अन्य सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया. रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा उपस्थित दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सतर्कता पूर्वक सभी प्रतिनियुक्त स्थलों पर आवश्यक बंदोबस्त के साथ निर्दिष्ट कर्तव्य का निर्वहन करने के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश दिया गया. ब्रीफिंग के दौरान समादेष्टा जैप-07, समादेष्टा एसआइआरबी -02, पुलिस अधीक्षक जेएपीटीसी पदमा, पुलिस अधीक्षक एससीआरबी, पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण रांची एवं रांची जिला के सभी पुलिस उपाधीक्षक उपस्थित थे. दूसरी ओर, उनके आगमन को देखते हुए बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से हिनू चौक से बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक से राजभवन के 200 मीटर की परिधि को ड्रोन, पाराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून के संदर्भ में अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची द्वारा नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है. यह निषेधाज्ञा 31 जुलाई के प्रातः 06:00 बजे से 1 अगस्त के रात्रि 10:00 बजे के लिए लागू रहेगा.



