मेदिनीनगर (पलामू) : उपायुक्त समीरा एस ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर में 5 लाभुकों के बीच विद्युत चालित चाक वितरित किये. इस दौरान उन्होंने कहा कि 5 लाभुकों के बीच यह सांकेतिक रूप से वितरित किया जा रहा है. इसके अतिरिक्त कुल 40 चयनित लाभुकों के बीच 90 प्रतिशत अनुदान पर अत्याधुनिक विद्युत चाक का वितरण किया जाना है. उन्होंने कहा कि यह चाक उपलब्ध हो जाने से शिल्पकार को आत्मनिर्भर बनने में सहूलियत होगी. माटीकला योजना का मूल उद्देश्य परंपरागत माटी शिल्पकारों को आधुनिक तकनीकी साधन उपलब्ध कराकर उनकी उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, वहीं सतबरवा से आयी महिला लाह-चूड़ी शिल्पकार ने लाह निर्मित चूड़ी उपायुक्त को भेंट की. उन्होंने चूड़ी के अनूठेपन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इस चूड़ी को रांची के मोरहाबादी में प्रस्तावित जेसोवा मेले में बिक्री पर बल दिया. (नीचे भी पढ़ें)
जिला उद्यमी समन्वयक चंद्रकांत पांडेय ने कहा कि माटी कला योजना न केवल परंपरागत कारीगरों को तकनीकी रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि उन्हें सम्मान जनक आजीविका का अवसर भी प्रदान कर रही है. विद्युत चाक के वितरण से हमारे शिल्पकार आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे, जिससे उनका परिश्रम कम होगा, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी जिससे वे बाजार की मांग को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेंगे. इस अवसर पर उपायुक्त के अलावा सतबरवा,पाटन, नावाबाजार, चैनपुर, रामगढ़, लेस्लीगंज एवं पड़वा के प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे.



