जमशेदपुर: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एक दिवसीय दौरे पर 26 नवंबर को शहर आ रहे है. यहां वे बर्मामाइंस स्थित सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल) के 77वां स्थापना दिवस और साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन के 93वें स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे. राज्यपाल के दौरे को लेकर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां की गयी है. इसी क्रम में बुधवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सोनारी हवाई अड्डे का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राज्यपाल के आगमन को लेकर की जा रही सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान हवाई अड्डे पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली गयी. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए. उन्होंने राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा. प्रशासन की ओर से आगमन के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.















