जमशेदपुर : दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर शहर के बाजारों और पंडालों में भीड़ लगातार बढ़ रही है. इस भीड़भाड़ के बीच संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए साकची स्थित सीसीआर में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे ने पुलिस बल के जवानों को विशेष दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इन दिनों पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि जनता को कहीं भी असुरक्षित महसूस न हो और त्योहार का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे. एसएसपी ने साफ निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों के पूजा पंडालों में दिन में कम से कम दो बार जरूर जाएं. उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि नशे में धुत या संदिग्ध लोग पंडालों और बाजारों में इकट्ठा हो जाते हैं, जिससे शांति-व्यवस्था भंग होने का खतरा बढ़ जाता है. (नीचे भी पढ़ें)

ऐसे हालात में पुलिस को सतर्क रहकर तुरंत कार्रवाई करनी होगी. किसी भी आपत्तिजनक वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि समय पर कदम उठाया जा सके. उन्होंने यह भी कहा कि दुर्गा पूजा के समय चोरी और छिनतई की घटनाओं में बढ़ोतरी हो जाती है. कई लोग अपने घरों में ताला लगाकर पूजा घूमने निकलते हैं और अपराधी इसका फायदा उठाकर खाली घरों को निशाना बनाते हैं. वहीं, बाइक चोरी की वारदातें भी इस दौरान अधिक होती हैं. एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी कि नियमित गश्त (पेट्रोलिंग) को प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने चेताया कि इस मामले में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराए गए हैंडसेट और मोटरसाइकिल का प्रभावी उपयोग करने पर भी उन्होंने जोर दिया. एसएसपी ने कहा कि जवान लगातार कंट्रोल रूम से संपर्क में रहें और हर स्थिति की जानकारी तुरंत दें. साथ ही थाना पदाधिकारी का नंबर सभी जवानों के पास होना चाहिए, ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित समन्वय किया जा सके. उन्होंने यह भी कहा कि त्योहार का समय संवेदनशील होता है और थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है. इसलिए पुलिस बल को जनता की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी. एसएसपी ने जवानों से अपील की कि वे जनता से संवाद बनाए रखें और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखें.



