जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात भालूबासा मुस्लिम बस्ती में छापामारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवक की पहचान शुभम कुमार दुबे उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है, जो भालूबासा रोड नंबर 4 का रहने वाला है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छापामारी के दौरान शुभम की तलाशी ली गई, जिसमें उसकी जेब से सात जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस को आशंका है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था. हालांकि मौके से उसके किसी अन्य सहयोगी को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में सीतारामडेरा थाना के एएसआइ राजीव कुमार मंडल के बयान पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद कारतूसों के स्रोत और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. पूछताछ के दौरान शुभम ने कई अहम बातें कबूल की हैं, जिनके आधार पर पुलिस तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है. गिरफ्तार शुभम को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किन अपराधियों के संपर्क में था और उसे कारतूस कहां से मिले. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम उसके अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है.



