जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत ठाकुरबाड़ी रोड निवासी विवेक चौधरी को वाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजकर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई है. घटना 26 अगस्त की सुबह हुई, जब सुबह 7:45 से 7:48 बजे के बीच लगातार चार मिनट तक अपमानजनक शब्दों के साथ गालियां दी गईं. विवेक चौधरी ने इसका पूरा डिटेल सहेज कर साकची थाने में शिकायत दर्ज कराई है. वादी ने पुलिस को दिए आवेदन में मोबाइल नंबर 9142301824 (सनी अग्रवाल) और 8777541524 के धारकों समेत अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया है. उनका आरोप है कि इन नंबरों से उन्हें गंदी-गंदी गालियां दी गईं और पैसों की मांग की गई. (नीचे भी पढ़े)
रंगदारी नहीं देने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है. तकनीकी सेल की मदद से नंबरों की लोकेशन और उपयोगकर्ता की पहचान निकालने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों और वादी के बीच पहले से कोई व्यक्तिगत विवाद है या यह पूरी तरह आपराधिक मंशा के तहत रंगदारी वसूली की कोशिश है. साकची पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी और धमकी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि, वास्तविक वजह सामने लाने के लिए सभी पहलुओं पर गहराई से छानबीन की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है और लोग सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी चिंता व्यक्त कर रहे हैं.




