जमशेदपुर: जुगसलाई एमई स्कूल रोड स्थित संकल्प रेसिडेंसी में पांच दिवसीय गणेश उत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ किया गया. इस उत्सव के अंतर्गत शनिवार की शाम भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसने भक्तिमय वातावरण को और जीवंत बना दिया.भक्ति और उल्लास से भरपूर इस संध्या में महिलाएं और उनके पति पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे नजर आए. सभी ने मिलकर गणपति बप्पा की महिमा का गुणगान किया. मशहूर स्थानीय गायक मोनू शर्मा ने अपनी मनमोहक भजनों की प्रस्तुति से सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और माहौल को भक्ति रस में डूबो दिया.(नीचे भी पढ़े)
उत्सव को और रोचक बनाने के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने खास आकर्षण बटोरा. सिट एंड ड्रॉ, फैंसी ड्रेस, रंगोली बनाओ, चैस और बॉलीवुड नाइट जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. विजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिताओं ने प्रतिभागियों के बीच रचनात्मकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया.




