जमशेदपुर: 10 मई, रविवार को अखिल भारतीय लोधी क्षत्रिय महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक क्षत्रिय भवन कदमा में आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज के आगामी संगठनात्मक चुनाव को लेकर विचार-विमर्श करना एवं चुनाव प्रक्रिया को अंतिम रूप देना था. बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, संरक्षकों, महिला प्रतिनिधियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.(नीचे भी पढ़े)

बैठक में निर्णय लिया गया कि अखिल भारतीय लोधी क्षत्रिय महासभा का चुनाव आगामी 31 मई को आयोजित किया जाएगा. यह चुनाव समाज के कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा सीपी क्लब राम मंदिर परिसर में संपन्न कराया जाएगा. चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे समाज के प्रत्येक कार्यकारिणी सदस्य को निष्पक्ष मतदान का अवसर प्राप्त हो सके.बैठक में पुरुष एवं महिला वर्ग की अलग-अलग समितियों के पदों पर चुनाव कराने की घोषणा की गई. पुरुष वर्ग की कमेटी में अध्यक्ष, महासचिव, दो उपाध्यक्ष, दो कोषाध्यक्ष, सचिव, संगठन सचिव एवं कार्यकारी अध्यक्ष के पदों पर चुनाव कराया जाएगा. वहीं महिला वर्ग की कमेटी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के पदों पर चुनाव संपन्न होंगे.(नीचे भी पढ़े)

समाज के चुनाव को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु समाज के राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार सिंह लोधी, संस्थापक आरके सिंह, संरक्षक किशन लाल वर्मा, महिला राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनीता सिंह सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों को चुनाव प्रभारी एवं पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सभी पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से एकजुट होकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने एवं समाज को मजबूत बनाने की अपील की. बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार सिंह, संरक्षक कृष्ण वर्मा, संस्थापक आरके सिंह, महिला राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनीता सिंह, ज्वाला सिंह, अवध लोधी, सुरेश वर्मा, हृदयनंद वर्मा, भुनेश्वर लोधी, कमल लोधी, परमेश्वर लोधी, सीमा देवी, जमुना देवी, मेघा देवी, लक्ष्मी देवी, गुड़िया देवी, श्रीराम लोधी सहित सैकड़ों कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे. सभी सदस्यों ने समाज के लोकतांत्रिक चुनाव को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग एवं एकजुटता का संकल्प लिया.







