जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने रेलवे द्वारा जारी नोटिस के विरोध में एकजुट होकर सांसद विद्युत वरण महतो से मुलाकात की. टाटानगर रेलवे स्टेशन के विकास कार्य के तहत रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने बागबेड़ा रोड नंबर एक स्थित चार प्रमुख सामाजिक संस्थाओं को 15 दिन के भीतर जमीन खाली करने का नोटिस दिया था. रेलवे ने जिन संस्थाओं को नोटिस थमाया था उनमें परशुराम समाज भवन, अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षा एवं सेवा संस्थान, कृष्ण मेमोरियल संघ, मिथिला समाज शामिल हैं. सभी संस्थाओं ने एकजुट होकर सांसद विद्युत वरण महतो से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की. संस्थाओं का कहना है कि ये संस्थाएं वहां 1975 से संचालित हैं और बच्चों की शिक्षा सामाजिक आयोजनों और गरीबों की सहायता जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
आज शाम को अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान में सभी संस्थाओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई. बैठक के उपरांत सभी संस्थाओं के अध्यक्ष सहित प्रमुख लोगों ने सांसद विद्युत वरण महतो से मुलाकात की. सांसद ने दूरभाष से चक्रधरपुर डीआरएम और डीईएन से बात कर सामाजिक संस्थाओं को इस तरह से नोटिस देकर उनके कार्य में बाधा नहीं डालने को कहा. सभी संस्थाओं ने सांसद श्री महतो और उनके प्रतिनिधि संजीव कुमार के प्रति इसके लिए आभार व्यक्त किया. सांसद से मिलने वालों में मुख्य रूप से अखिलेश्वर सिंह, डीके मिश्रा, ज्योति मिश्रा, मनोज कुमार मन्नू के साथ-साथ सीएसपी सिंह, विमलेश उपाध्याय, विनोद कुमार, सतीश कुमार, ललन पांडे, हरीश नारायण राय, प्रमोद राय, श्रीराम सिंह, आनंदी ओझा, विजय कुमार, अखिलेश मिश्रा आदि शामिल थे.







