सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर सीएचसी में बीते दिन मोबाइल व टॉर्च की रोशनी में प्रसव कराने के दौरान मां व नवजात की मौत हो गयी थी. इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शिवलाल कुंकल को निलंबित कर दिया है. सीएचसी प्रभारी पर उस समय अस्पताल में मौजूद नहीं होने के आरोप थे. एक नर्स ने मोबाइल व टॉर्च की रोशनी में प्रसव कराया. प्रसव के बाद महिला व नवजात की मौत हो गयी थी. (नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. जांच रिपोर्ट मे स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी व प्रशासनिक जिम्मेदारियों में लापरवाही पाए जाने के बाद विभाग ने डॉ कुंकल पर कार्रवाई की. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय चाईबासा सिविल सर्जन कार्यालय में तय किया गया है. दूसरी ओर जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में टीकाकरण के बाद नवजात की मौत मामले की जांच शुरु हो गयी है. परिजनों का आरोप है कि टीका लगने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी और कुछ देर बात ही नवजात की मौत हो गयी. एमजीएम के अधीक्षक डॉ बलराम झा ने इस मामले की जांच कराने की बात कही.







