जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब डोबो ईंट भट्ठा के समीप सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ. सुबह-सुबह शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़े होने की सूचना तत्काल कपाली ओपी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की. प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के कई गहरे निशान पाए गए हैं. इससे पुलिस हत्या की आशंका जता रही है. घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर जांच अधिकारियों का मानना है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान इलाके में लाकर फेंक दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है. साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा.







