जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के एदेलबेड़ा गांव निवासी एक महिला मरीज की सोमवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे एमजीएम अस्पताल में हुई मौत के बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया. मृतका टुसू गोराई (59 वर्ष) के पुत्र गणेश गोराई ने बताया कि शनिवार को उनकी मां को सांस लेने में तकलीफ होने पर भर्ती किए थे. चौथे तल्ले पर भर्ती मरीज का सोमवार को उचित इलाज नहीं मिलने की वजह से शरीर ठंडा पड़ गया और डॉक्टरों से आग्रह करने पर दो इंजेक्शन लगा. करीब दो घंटे के बाद मौत हो गई. महिला पित्ताशय का कैंसर से पीड़ित थी जिसके बारे में करीब 15 दिनों पूर्व जानकारी मिली थी. (नीचे भी पढ़ें)

हंगामे की सूचना पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने परिजनों को शांत कराया एवं आधे घंटे के बाद मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया. इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई और हंगामे के दौरान आसपास के वार्डों में भर्ती मरीजों को दिक्कत होने लगी. सूचना पाकर 10 से अधिक होमगार्ड के जवान पहुंचे और काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए. इस संबंध में डॉक्टर ने कहा कि भर्ती के दौरान ही मरीज के परिजनों को जानकारी दे दी गई थी कि यह कैंसर का मामला है. उन्होंने कहा कि इलाज में किसी तरह की कोई लापरवाही नहीं हुई है.








