जमशेदपुर: देहरादून में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपियों की तलाश तेज करते हुए देहरादून पुलिस ने जमशेदपुर में लगातार दूसरे दिन कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की. सोमवार को डालनवाला थाना पुलिस ने स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर आरोपियों के घरों की तलाशी ली, लेकिन ज्यादातर मकान खाली मिले. पुलिस जुगसलाई गौशाला रोड स्थित फरार आरोपी विशाल सिंह के किराए के फ्लैट पर पहुंची. फ्लैट बंद मिलने पर पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. कमरे से केवल गद्दा समेत कुछ मामूली सामान बरामद हुआ, जिसके बाद फ्लैट को सील कर दिया गया. वहीं जुगसलाई आरपी पटेल रोड निवासी आरोपी आशुतोष कुमार सिंह का किराए का मकान पूरी तरह खाली मिला. (नीचे देखे पूरी खबर)

उलीडीह टैंक रोड निवासी आरोपी जितेंद्र कुमार साहू के घर का भी ताला तोड़कर तलाशी ली गई, लेकिन वहां भी कोई सामान नहीं मिला पुलिस के अनुसार सभी आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हैं. विशाल सिंह के फ्लैट से मिले सामान की जब्ती सूची तैयार की गई है. देहरादून पुलिस अब लोहरदगा के टांगराटोली निवासी आरोपी अंकित कुमार वर्मा के घर भी कुर्की-जप्ती की कार्रवाई करेगी. इससे पहले रविवार को बागबेड़ा के बजरंग टेकरी रोड निवासी आरोपी आकाश प्रसाद के घर भी कुर्की की गई थी. विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार सभी आरोपियों पर देहरादून पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ने पर इनाम की राशि और बढ़ाई जा सकती है. गौरतलब है कि 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले में बागबेड़ा निवासी यशराज सिंह, राजकुमार सिंह और मोहित को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि विशाल, आशुतोष, जितेंद्र, आकाश और अंकित समेत कई आरोपी अब भी फरार हैं. पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.







