सरायकेला: नगर पंचायत सभागार, सरायकेला में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने की. बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, राशन दुकानदार एवं महिला समूहों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.बैठक में जन वितरण प्रणाली से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. पीडीएस दुकानदारों को एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड योजना से लाभुकों को जोड़ने, पॉस मशीन संबंधी शिकायतों को प्रखंड एवं जिला स्तर पर उपलब्ध कराने, लाभुकों के साथ मधुर व्यवहार रखने तथा वृद्ध एवं जिन लाभुकों का फिंगर प्रिंट नहीं आता है, उन्हें ओटीपी अथवा अपवाद रजिस्टर के माध्यम से राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.(नीचे भी पढ़े)

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के नए आवेदनों हेतु सभी वार्डों में विशेष शिविर लगाने का निर्णय लिया गया. शिविर के माध्यम से होल्डिंग टैक्स, वॉटर टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, नया जल कनेक्शन, नया होल्डिंग आवेदन एवं राशन कार्ड ई-केवाईसी का कार्य भी किया जाएगा. वार्डवार शिविर की तिथि एवं स्थल निम्न प्रकार निर्धारित की गई है, 25 मई को वार्ड 07 एवं 10 अटल क्लिनिक,26 मई को वार्ड 09 एवं 11 टाउन हॉल, सरायकेला ,28 मई को वार्ड 02,05 एवं 06 विवाह भवन, इंद्रटांडी,29 मई को वार्ड 01 एवं 08 उत्क्रमित मध्य विद्यालय, हांसाउडी ,30 मई को वार्ड 03 गांधी पाठशाला, राजबांध,1 जून को वार्ड 04 सामुदायिक भवन, सरगीडीह सभी शिविर प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे.अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत आम जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.इस अवसर पर वरुण साहू, श्रीमती ज्योति साहू, गौतम नायक, उत्तम महंती, श्रीमती सुषमा तियू, श्रीमती शांति गोड़सेरा, श्रीमती अंजली राय सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे.







