जमशेदपुर : टाटा स्टील कर्मचारियों का वेज रिवीजन को लेकर शनिवार को भी वार्ता हुई. करीब तीन घंटे तक चली इस वार्ता में कई मुद्दों पर चर्चा की गयी. इस दौरान कर्मचारियों के वेतन बढ़ोत्तरी को ज्यादा करने से इनकार कर दिया गया. महंगाई दर के साथ कर्मचारियों के सीटीसी में हुई बढ़ोत्तरी का आंकड़ा पेश किया गया. इसके अलावा यह भी बताया गया कि प्रोडक्टिविटी भी काफी कम है. इस कारण कंपनी में वेज कॉस्ट को कम करना जरूरी है, लेकिन यूनियन चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा वेतन में बढ़ोत्तरी हो. (नीचे भी पढ़े)
बताया जाता है कि इस बार कई सारे नये एलाउंस भी आ सकते है. इस बीच इस मसले पर शनिवार की शाम को कमेटी मेंबर सुमन पांडेय की आहूत बैठक टाय टाय फिस्स हो गयी. बताया जाता है कि खुद सुमन पांडेय ने मीटिंग में नहीं आने की अपील अंतिम समय में कर दी. यह बताया गया कि अध्यक्ष व्यस्त है, जिस कारण मीटिंग नहीं हो सकती है. हालांकि, काफी संख्या में कमेटी मेंबर जरूर जुटे थे. उन लोगों ने वेज रिवीजन का हाल जानने की कोशिश की. उस वक्त यूनियन में उपाध्यक्ष राजीव चौधरी, शहनवाज आलम समेत कुछेक अधिकारी ही थे. इसके बाद सारे कमेटी मेंबर बैरंग लौट गये.








