जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में 15 मई को डोंगाघाट, पुड़िसिलि के पास मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मृतक की पहचान परसुडीह के किताडीह निवासी 21 वर्षीय मो तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी. जांच में पता चला कि उसकी हत्या चापड़ और भुजाली से बेहद निर्मम तरीके से की गई थी. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम लगातार मामले की पड़ताल कर रही थी. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अहमद जमील अंसारी को गिरफ्तार किया. आरोपी वर्तमान में बिष्टुपुर के धतकीडीह क्षेत्र में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी निवास बिहार के सीवान जिले में है. पूछताछ के दौरान अहमद जमील अंसारी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. (नीचे भी पढ़ें)

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया. सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कपाली क्षेत्र में पैदल घुमाया, जहां लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की. जांच के दौरान इस हत्याकांड में साबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नू बच्चा की भूमिका भी सामने आई है. पुलिस के अनुसार वह पहले से एक अन्य मामले में जेल में बंद है. अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी मिल सके. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी सोनारी थाना में आपराधिक मामला दर्ज है. (नीचे भी पढ़ें)
मामले के खुलासे में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, अनुसंधानकर्ता हसनैन अंसारी, रंजीत कुमार सिंह तथा रिजर्व गार्ड की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.







