जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने युवकों के पास 24 पुड़िया ब्राउन शुगर व 170 रुपये नकद बरामद किया है. इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है. इस संबंध में जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर डीएसपी (विधि व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस टीम ने गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई नदी रेलवे पुल के पूर्वी छोर पर रेलवे ट्रैक के निकट छापेमारी कर मो सरफराज उर्फ तिल्ली (24) और मो शहबाज उर्फ मन्ना (23) को गिरफ्तार किया. दोनों के पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर तथा 170 रुपये नकद बरामद किए गए. जब्त ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ब्राउन शुगर की एक पुड़िया 100 से 150 रुपये में खरीदते थे और 250 से 300 रुपये में बेचते है. मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 46/26, दिनांक 15 जून 2026, धारा 17(a),22(a)एवं 27(a)एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. दोनों पूर्व में कई मामले में जेल जा चुके है.







