जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित नेचर पार्क के पास बने चेक पोस्ट के पास गुरुवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक ऑटो चालक ने ट्रैफिक पुलिस पर 5000 रुपये की अवैध वसूली मांगने का आरोप लगाया.मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो चालक को ड्रेस नहीं पहनने और वाहन का परमिट समाप्त (एक्सपायर) होने के कारण रोक लिया था. ऑटो चालक का दावा है कि उसने पुलिसकर्मियों से ऑनलाइन चालान काटने का अनुरोध किया था, क्योंकि वह अपने परिवार के साथ किसी जरूरी काम से जा रहा था.
आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस कर्मियों ने उससे 5000 रुपये की मांग की. (नीचे भी पढ़े)

इससे नाराज होकर चालक सड़क पर धरने पर बैठ गया और कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दी. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ.घटना के दौरान ऑटो चालक और ट्रैफिक पुलिस के बीच काफी देर तक बहस होती रही. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है.फिलहाल पुलिस और ऑटो चालक के आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.







