जमशेदपुर:आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम्, बिष्टुपुर में आयोजित 57वें श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) ब्रह्मोत्सवम् के पांचवें दिन रविवार को मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. लगातार हो रही वर्षा के बीच भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) दिव्य हनुमंत वाहन पर विराजमान होकर त्रिपाल की छत्रछाया में नगर भ्रमण पर निकले तथा श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन दिए. वर्षा के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे मार्ग में “गोविंदा-गोविंदा” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
प्रातःकाल मंदिर में वैदिक आचार्यों द्वारा नित्यकटला पूजा एवं अभिषेकम् वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया. इसके पश्चात भगवान का भव्य श्रृंगार कर सायंकाल तिरुवीथि उत्सवम् के अंतर्गत हनुमंत वाहन पर विराजमान कराया गया.(नीचे भी पढ़े)
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए भगवान के वाहन के ऊपर विशेष रूप से त्रिपाल लगाकर शोभायात्रा निकाली गई, जिससे भगवान के विग्रह की सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालु वर्षा के बीच भी निर्बाध रूप से दिव्य दर्शन कर सकें. भगवान बालाजी की शोभायात्रा आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम् से प्रारंभ होकर शास्त्री नगर वैकुण्ठधाम एवं कदमा एडीएल सोसायटी पहुंची. दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की.मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मार्ग में भगवान के दर्शन के लिए उपस्थित रहे. भजन-कीर्तन, वैदिक मंत्रोच्चार एवं श्री वेंकटेश्वर स्वामी के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया.मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से 01 जुलाई को आयोजित भव्य रथोत्सव (रथयात्रा) तथा 05 जुलाई को होने वाले श्री वेंकटेश्वर स्वामी कल्याण महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की.







