गम्हरिया: सुधा डेयरी के कर्मी रविंद्र नाथ ठाकुर की संदिग्ध मौत को लेकर बुधवार को मामला और गर्मा गया. मृतक के परिजन और स्थानीय लोग कंपनी के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए तथा गेट जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा, एक आश्रित को स्थायी नौकरी और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. मृतक की पत्नी तारा देवी ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति की तबीयत बिगड़ने के बावजूद उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय घर भेज दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

उनका दावा है कि मृतक के शरीर में जहरीला पदार्थ मिलने की बात सामने आई है, जिससे उन्हें मौत के पीछे साजिश की आशंका है. उन्होंने इस घटना को सामान्य मौत नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की. धरना-प्रदर्शन को स्थानीय लोगों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
बड़ी संख्या में लोग कंपनी गेट पर जुटे हैं, जिससे आवाजाही प्रभावित हो गई है और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना और गेट जाम जारी रहेगा. वहीं, इस पूरे मामले पर सुधा डेयरी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.






