जमशेदपुर: मंगलवार की रात डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल की भूतल स्थित आर्थो ओपीडी के बाहर एक जहरीला सांप घुस आने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सांप को देखते ही मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों में दहशत फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे. उन्होंने कैंटीन कर्मचारियों की मदद से, जो उस समय मरीजों को भोजन वितरित कर रहे थे, सांप को सुरक्षित अस्पताल परिसर से बाहर निकाल दिया. इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
सुरक्षाकर्मियों के अनुसार, बरसात के मौसम में अस्पताल के पिछले हिस्से से अक्सर सांप परिसर में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है. बताया जाता है कि अस्पताल के पीछे स्थित पुराने तालाब और घनी झाड़ियों में बड़ी संख्या में जहरीले सांप और बिच्छुओं का बसेरा है. बारिश के साथ-साथ गर्मी के दिनों में भी इनके अस्पताल परिसर तक पहुंचने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल कर्मचारियों का कहना है कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अस्पताल प्रशासन को पीछे के क्षेत्र की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.




