आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना में एक युवक को गोली लगने की सूचना है. गोली युवक की कमर में लगी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. रात करीब 10 बजे रेलवे अंडरपास के समीप घर लौट रहे गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई पर 8 से 10 की संख्या में आए अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमले में एक गोली विशाल गोराई की कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. प्रारंभिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.




