जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में गुरुवार को सीआरपीएफ की 193वीं बटालियन के दो जवानों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया. इनमें एक जवान की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे जवान का नाम तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दोनों जवान तेज बुखार और मलेरिया जैसे लक्षणों से पीड़ित थे. जांच में एक जवान मलेरिया पॉजिटिव पाया गया, जबकि दूसरे की रिपोर्ट निगेटिव आई. हालांकि, चिकित्सकों ने उसके लक्षणों को देखते हुए उसे निगरानी में रखा है और उपचार जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के मुताबिक, दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए शाम तक रांची रेफर करने की तैयारी की जा रही थी. उल्लेखनीय है कि बुधवार को ही एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान एक सीआरपीएफ जवान की ब्रेन मलेरिया से मौत हो गई थी. इस घटना के बाद सीआरपीएफ कमांडेंट ने मलेरिया से संक्रमित जवानों के इलाज और निगरानी को गंभीरता से लिया है. कोल्हान क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मलेरिया के मामलों के बीच सुरक्षाबलों के जवानों का भी संक्रमण की चपेट में आना चिंता का विषय बनता जा रहा है.




