जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल डिमना में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से झारखंड पुलिस के ई-बीट सिस्टम ‘रक्षक’ को लागू कर दिया गया है. इस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल को एमजीएम थाना क्षेत्र से सीधे जोड़ा गया है, जिससे पुलिस की निगरानी, गश्त और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी. ई-बीट ‘रक्षक’ सिस्टम के तहत पुलिस कॉलेज परिसर और अस्पताल क्षेत्र की नियमित डिजिटल मॉनिटरिंग करेगी. (नीचे भी पढ़ें)

साथ ही किसी भी आपात स्थिति, कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना या सुरक्षा संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी. अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से मेडिकल छात्रों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी. साथ ही परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में भी यह प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.




