जमशेदपुर : सेंट्रल सिख नौजवान सभा ने महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद उधम सिंह जी के बलिदान दिवस के अवसर पर साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकाल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया. सभा के प्रधान सरदार अमरीक सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को शहीद उधम सिंह जी के ऐतिहासिक बलिदान से अवगत कराना और समाज को जागरूक करना था. कार्यक्रम के दौरान समाज में नशे की बढ़ती समस्या को देखते हुए एक विशेष ‘नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता’ आयोजित की गई, जिसमें 60 से ज्यादा प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की. इसके साथ ही, समाज सेवा और मानवता की रक्षा में अद्वितीय योगदान करने वाले ‘रक्तवीरों’ (नियमित प्लेटलेट्स एवं रक्तदान करने वाले युवाओं) को उनके निःस्वार्थ सेवा भाव के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस मानवाधिकार और सामाजिक चेतना से जुड़े कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पोटका के विधायक संजीव सरदार, सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी रवीन्द्र कौर समेत कई गणमान्य और प्रबुद्ध अतिथि शामिल हुए. सभी अतिथियों को सभा की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. उपस्थित अतिथियों ने शहीद उधम सिंह जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. अपने संबोधन में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने सेंट्रल सिख नौजवान सभा के इस प्रयास की सराहना की. उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइय़ों से दूर रहकर देश और समाज के निर्माण में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए, यही शहीद उधम सिंह जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के अगले चरण में ‘नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता’ के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. इनमें जेनेलिया केराई, सर्वेश कुमार, महेश जोंको, रितिका कुमारी, सरबजीत सिंह एवं वाई भरगयी शामिल रहे. इसके बाद,कोरोना काल से लेकर वर्तमान समय तक आपातकाल में मरीजों की जान बचाने वाले 20 रक्तवीरों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सेन्ट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह ने सेंट्रल सिख नौजवान सभा के पदाधिकारियों को सफल कार्यक्रम के लिए, सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और रक्तवीरों का आभार व्यक्त किया एवं कहा कि वे भविष्य में भी युवाओं को सही दिशा देने और सामाजिक सुधार के लिए ऐसे आयोजन में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी निरंतर नौजवान सभा का सहयोग करते रहेंगे. कार्यक्रम का संचालन सभा के इंदरजीत सिंह ने किया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह,महासचिव रंजीत सिंह एवं सुखवंत सिंह,सिख विजडम के परविंदर सिंह, चरणजीत सिंह,गतका फेडरेशन के जगजीत सिंह, सुखवंत सिंह, सुरेन्द्र सिंह शिंदे,परमिंदर सिंह गोल्डी,जगप्रीत सिंह जेडी, अमनजोत सिंह,सुखदेव सिंह समेत तमाम नौजवान सभा के सदस्य आदि का सहयोग रहा.




