जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुए चर्चित आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की सूचना है. सूत्रों के अनुसार मामले में फरार आरोपी शाहनवाज उर्फ भोंदु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया. सूत्रों के अनुसार, बुधवार को शाहनवाज जमशेदपुर सिविल कोर्ट पहुंचा था. उसकी मौजूदगी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर के बाहर से ही उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बर्मामाइंस थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी अनुसार पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप हुई गोलीबारी के दौरान आफताब आलम पर फायरिंग करने का आरोप शाहनवाज उर्फ भोंदु पर है. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल आफताब की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस हत्याकांड में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा उनकी क्या भूमिका रही. हालांकि इस मामले की अब तक अधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है.





