
जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजाद नगर थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब करीम सिटी कॉलेज रोड नंबर-1 निवासी जावेद अख्तर पर पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के साथ गाली-गलौज करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा. (नीचे देखे पूरी खबर)
घटना के बाद थाने में कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही और पुलिस का कामकाज प्रभावित हुआ. घटना को लेकर पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के आवेदन पर आजाद नगर थाने में जावेद अख्तर, पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शरीफ खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पदाधिकारी के साथ गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है. (नीचे देखे पूरी खबर)
एफआईआर में घटनास्थल आजाद नगर थाना के ओसी कार्यालय और थाना परिसर को बताया गया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच की जिम्मेदारी एसआई दीपक कुमार रोशन को सौंपी गई है. बताया जा रहा है कि थाना परिसर में हंगामा करने के बाद आरोपी जावेद अख्तर वहां से निकल गया. हालांकि, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.




