
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में अगले सप्ताह तक विभिन्न विभागों में पांच नए डॉक्टरों के योगदान करने की उम्मीद है. इनमें चार डॉक्टर योगदान कर चुके हैं, जबकि एक डॉक्टर प्रशिक्षण में शामिल होने के कारण फिलहाल योगदान नहीं कर सकी हैं. नए डॉक्टरों के आने से मेडिकल कॉलेज के कई विभागों में शिक्षकों की कमी दूर होने के साथ मरीजों के इलाज और पीजी छात्रों की पढ़ाई में भी सुविधा होगी. सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति शिशु रोग विभाग में हुई है. यहां सह प्राध्यापक डॉ. बिनीता नैंसी खलखो ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज में योगदान कर लिया है. (नीचे देखे पूरी खबर)
विभाग में फिलहाल एकमात्र प्रोफेसर डॉ. केके चौधरी हैं, जो जल्द ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं. उनके सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग में स्थायी शिक्षक की कमी हो सकती थी, जिससे पीजी छात्रों की पढ़ाई और पीजी सीटों की मान्यता को लेकर चिंता उत्पन्न हो रही थी. डॉ. खलखो के सह प्राध्यापक के रूप में योगदान करने से विभाग में शिक्षकों की उपलब्धता बनी रहेगी. इससे पीजी की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रखने और सीटों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी. साथ ही मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं मिल सकेंगी. पैथोलॉजी विभाग में सह प्राध्यापक डॉ. बुधन बैठा ने भी योगदान कर लिया है. वहीं, हड्डी रोग विभाग में डॉ. आदित्य कुमार झा ने योगदान किया है. इस विभाग में एक डॉक्टर के तबादले के बाद चिकित्सकों की कमी हो गई थी. नए डॉक्टर के आने से मरीजों के इलाज के साथ पीजी छात्रों की पढ़ाई में भी सुविधा होगी. इसी तरह फार्माकोलॉजी विभाग में सहायक प्राध्यापक आकाश चन्द्रा ने योगदान कर लिया है. वहीं फिजियोलॉजी विभाग में सह प्राध्यापक डॉ. पूनम मेहता को योगदान करना था, लेकिन प्रशिक्षण में शामिल होने के कारण वह फिलहाल योगदान नहीं कर सकी हैं. बताया गया है कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वह अगले सप्ताह एमजीएम मेडिकल कॉलेज में योगदान करेंगी. इन पांच डॉक्टरों के योगदान से मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है. खासकर शिशु रोग विभाग में नए शिक्षक के योगदान से पीजी छात्रों की पढ़ाई और पीजी सीटों की मान्यता को लेकर बनी चिंता कम होगी. इससे मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ मरीजों को मिलने वाली विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.




